फरीदपुर, बरेली। जनपद की फरीदपुर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) कार्यालय में सोमवार दोपहर विकास कार्यों को लेकर हुई बैठक के दौरान हंगामा हो गया। इस दौरान एक महिला सभासद के पति और पालिका के लिपिक के बीच कहासुनी मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने फरीदपुर कोतवाली में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। वार्ड संख्या-2 की भाजपा सभासद सुनीता कठेरिया के पति ओमकार सिंह कठेरिया ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2023 से उनके वार्ड मे कोई विकास कार्य नहीं कराया गया है। उन्होंने बताया कि बरसात में सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं समस्याओं को लेकर ओमकार सिंह सोमवार दोपहर ईओ पुनीत कुमार से मिलने पहुंचे थे। ओमकार सिंह का आरोप है कि ईओ द्वारा संबंधित आवास एवं लाइट पटल के लिपिक प्रदीप कुमार से विकास कार्यों को लेकर जवाब मांगे जाने पर विवाद शुरू हो गया। उनका कहना है कि लिपिक प्रदीप कुमार ने उनके साथ अभद्रता की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। उधर, पालिका के लिपिक प्रदीप कुमार ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि सभासद पति कार्यालय मे आते ही आक्रामक हो गए और सरकारी कार्यालय के भीतर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई की। प्रदीप कुमार ने भी ओमकार सिंह पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रदीप कुमार का कहना है कि पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और फुटेज से सच्चाई सामने आ जाएगी। कोतवाली फरीदपुर पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच के बाद तथ्यों के अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। सभासद पति ओमकार सिंह ने सीसीटीवी साक्ष्य मिटाए जाने की आशंका भी जताई है। पालिका अधिशासी अधिकारी पुनीत कुमार ने इस मामले को दोनों का आपसी मामला बताया है।।
बरेली से कपिल यादव
