सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज क्षेत्र मे दौरे से पीड़ित युवक की प्लॉट मे भरे पानी मे गिरकर डूबने से मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि दौरा आने से वह पानी मे गिरा और फिर मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया है। सीबीगंज के गांव खड़ौआ निवासी शिवचरन का इकलौता बेटा लोकेश (28) पस्तौर गांव मे किराये की बिल्डिंग में संचालित कंप्यूटर कढ़ाई की फैक्ट्री में काम करता था। लोकेश सुबह करीब आठ बजे से शाम आठ बजे तक फैक्ट्री में काम करता था और फिर रायबरेली निवासी संचालक अमित रात में वहां काम करता था। परिजन के मुताबिक, सोमवार शाम जब अमित फैक्ट्री पहुंचा तो लोकेश वहां मौजूद नहीं था। अमित ने उसके परिजन को इसकी जानकारी दी तो सभी ने तलाश शुरू कर दी लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह फैक्ट्री के पास स्थित एक प्लाट में भरे बारिश के पानी में लोकेश का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। सूचना पर सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ सीबीगंज विनोद सिंह ने बताया कि मृतक को दौरे पड़ते थे। संभवत: दौरा पड़ने के दौरान ही वह प्लॉट में भरे पानी में गिर गया और सांस अवरुद्ध होने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम में भी पानी में डूबने के कारण मौत बताई गई है।।
बरेली से कपिल यादव
