सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव नवदिया में रविवार सुबह 28 वर्षीय फैजान नाम के युवक का शव फंदे से लटका मिला। उसने करीब एक महीने पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से वह परिवार से अलग रह रहा था। उसकी पत्नी जास्मीन ने बताया कि प्रेम विवाह के कारण फैजान के परिवार के लोग उससे संबंध रखने से इन्कार कर रहे थे। इसी बात को लेकर फैजान तनाव में था। पत्नी ने आत्महत्या की बात कही है। जास्मीन ने बताया कि वह लोग निकाह के बाद से अलग रह रहे थे। रात में शौहर खाना खाकर सोए थे। उसे भी अंदाजा नहीं था कि फैजान ऐसा कर लेंगे। सुबह वह जागी तो देखा कि फैजान का शव उसके दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका है। उसने तुरंत अपने मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की वजह को लेकर जांच शुरू कर दी है। फैजान के परिजन ने शव में सिर से खून निकलने की बात कहते हुए कुछ गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।।
बरेली से कपिल यादव
