भमोरा, बरेली। चेकिंग के दौरान पुलिस ने आंवला-भमोरा रोड किनारे बंद पड़े स्कूल से दो तस्करों को 53 किलो डोडा के साथ पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से दो मोबाइल, 2720 रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ के बाद मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष कुशलपाल सिंह ने बताया कि उप निरीक्षक गौरव चौहान हमराही टीम के साथ गुरुवार की सुबह भमोरा-आंवला रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान वन विभाग कार्यालय की ओर बंद पड़े एक स्कूल में दो युवक प्लास्टिक के भरे बोरे लिए बैठे दिखे। दोनों से बोरों में भरे सामान की जानकारी ली तो दोनों ने बताया कि वह डोडा खरीद कर लाए हैं, जिसे मंहगे दामों में उत्तराखंड ले जाकर बेंच देते हैं, उन्होंने जिस व्यक्ति से डोडा खरीदा है उसका नाम नहीं जानते हैं। एक तस्कर ने अपना नाम सुखपाल, दूसरे ने रामसेवक निवासी थाना कोतवाली दातागंज बदायूं के खानपुर बैरागी गांव बताया है। पुलिस को दोनों के पास से एक-एक मोबाइल तथा 2720 रुपये की नकदी बरामद हुई। बीहट मंदिर से घंटे चोरी करने वाला गिरफ्तार : आंवला। डेढ़ माह पहले बीहट के मंदिर से घंटे चोरी करने के मामले में फरार चल रहे, दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 22 अगस्त को गांव बीहट के घलेंद्र ने मंदिर से घंटे चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने हरदासपुर के मुकेश को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। फरार चल रहे सिरौली के मौजजिम को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया, उससे घंटे बेचने पर मिले 1510 रुपये भी बरामद कर लिए है।
— बरेली से कपिल यादव
