भुता, बरेली। जनपद के थाना भुता के केसरपुर गांव के कोटेदार के बेटे पर जाति और धर्म के आधार पर राशन न देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। केसरपुर गांव मे बाबू खां की पत्नी मकसूद बानो कोटेदार है। गांव के भगवनसरन ने आरोप लगाया है कि कोटेदार पति बाबू और उनके पुत्र आदिल सरकारी राशन का वितरण जाति और धर्म के आधार पर करते हैं। पीड़ित के अनुसार बुधवार शाम करीब चार बजे वह कोटेदार के यहां पॉश मशीन पर अंगूठा लगाकर राशन लेने पहुंचे थे। कोटेदार के पुत्र आदिल और नहील ने उनका अंगूठा लगाने से साफ इनकार कर दिया। आदिल ने उन्हें भद्दी गालियां देते हुए वहां से भगा दिया। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत करने की बात कही तो आरोपी आदिल आग बबूला हो गया। आदिल ने पीड़ित को गालियां देते हुए एक विशेष धर्म के लोगों को सरकारी राशन न बांटने की बात कही और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद भगवन सरन ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो मे आरोपी आदिल कथित तौर पर शिकायत करने पर पीड़ित को तलवार से गर्दन काट देने की धमकी देता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह कथित रूप से एक विशेष समुदाय को सरकारी राशन न देने की बात कहता और अश्लील गालियां देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी टिप्पणी करता नजर आ रहा है।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कोटेदार के पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इंस्पेक्टर रविंद कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम लगा दी गई है। आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
