राजस्थान/बाड़मेर- शहर के महावीर नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। महावीर नगर स्कूल के पीछे स्थित खाली प्लॉट में लंबे समय से कचरा डाले जाने से यहां डंपिंग यार्ड जैसी स्थिति बन गई है। आसपास रहने वाले लोगों को गंदगी, दुर्गंध और मच्छर-मक्खियों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सफाई कर्मियों द्वारा नियमित रूप से सफाई नहीं की जाती। खाली प्लॉट में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। हालात यह हैं कि कचरा उठाने और सफाई की व्यवस्था समय पर नहीं होने के कारण गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है।
क्षेत्र की नालियों की सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से उनमें गंदगी जमा रहती है। सप्ताह में एक बार भी नालियों की सफाई हो जाए तो इसे गनीमत माना जा रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
महावीर नगर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था भी लोगों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कचरा संग्रहण वाहन नियमित रूप से गलियों में नहीं पहुंचता। कभी वाहन आता है तो कभी नहीं, जिसके चलते लोगों को मजबूरन घरों का कचरा खाली प्लॉट या आसपास के स्थानों पर डालना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से महावीर नगर स्कूल के पीछे जमा कचरे को तत्काल हटाने, खाली प्लॉट की सफाई करवाने, नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्वच्छता व्यवस्था नियमित होने से ही क्षेत्रवासियों को राहत मिल सकती है।
— राजस्थान से राजूचारण
