बरेली। शहर के 30 वार्डों मे ठेके पर सफाई कराने के फैसले का विरोध कर रहे नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने बुधवार तक फैसला वापस न लेने पर पूरी तरह काम बंद कर देने की चेतावनी दी है। सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार की सुबह काम करने के बाद नगर निगम में बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई और उसके बाद यह एलान किया। सोमवार से वे धरने पर बैठेंगे। सफाई मजदूर संघ के महामंत्री राजेश कुमार ने बताया कि ठेका प्रथा पर हाईकोर्ट मे मामला चल रहा है फिर भी नगर निगम प्रशासन ने 30 वार्डाें की सफाई व्यवस्था निजी हाथों को सौंप दी है। इसके विरोध में सोमवार से धरना-प्रदर्शन का नोटिस दे दिया गया है। शनिवार को नगर निगम के चारों गैराज के चालक भी सफाई कर्मचारियों के आंदोलन में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह 10 से शाम पांच बजे तक कर्मचारी धरना देंगे। जनता को असुविधा न हो। तीन दिन धरना चलेगा और फिर भी मांग न मानी गई तो सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे।।
बरेली से कपिल यादव