बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मोहल्ला अंसारी स्थित हुसैनी मस्जिद मे लगे सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए गए। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। मस्जिद कमेटी ने फतेहगंज पश्चिमी थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के मुताबिक यह घटना 7 जुलाई 2026 की रात करीब 1:15 बजे हुई। मोहल्ले के एक युवक पर मस्जिद के सीसीटीवी कैमरे तोड़ने का आरोप है। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर लौट गई। मस्जिद कमेटी ने तहरीर मे बताया है कि आरोपी आए दिन मस्जिद के आसपास नशे में हंगामा और गाली-गलौज करता है। इससे नमाज के दौरान व्यवधान होता है। कई बार समझाने के बावजूद उसकी हरकतों में सुधार नही आया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी अपने मामा के मकान में रहता है, जो मस्जिद के पीछे है। पूर्व में भी कई बार शिकायतें की गई और मकान खाली कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। शरीफ अहमद और इरशाद हुसैन सहित कई स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी अक्सर विवाद करता रहता है। उसकी हरकतों से मोहल्ले के लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल के कैमरे तोड़ने जैसी घटना गंभीर है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, क्षतिग्रस्त कैमरों की भरपाई कराने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। थाना कार्यवाहक प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर की जांच की जा रही है और उसके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
