दो घरों से लाखों के जेवर-नकदी चोरी, पीछे की दीवार काटकर घुसे चोर, सीसीटीवी खंगाले

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव खरगपुर मे चोरों ने एक ही रात दो घरों में सेंध लगाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। चोर दोनों घरों में पीछे की दीवार काटकर दाखिल हुए और अलमारी के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मनोज कुमार पुत्र रामपाल ने बताया कि 7 जुलाई की रात वह किसी काम से घर से बाहर गए थे। घर पर उनके बुजुर्ग माता-पिता मौजूद थे। बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने घर के पीछे की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और सीधे कमरे में पहुंच गए। पीड़ित ने गुरुवार शाम चार बजे चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर सोने की कंठी, टीका, अंगूठियां, मंगलसूत्र, बच्चों के आभूषण, चांदी के बिछुआ समेत अन्य जेवर चोरी कर लिए। इसके अलावा घर में रखे 10 हजार रुपये भी ले गए। पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये है। इसी रात चोरों ने गांव निवासी धनपाल के घर में भी पीछे की दीवार काटकर प्रवेश किया। वहां भी अलमारी में रखे जेवर और नकदी चोरी कर ली। सुबह दोनों घरों में चोरी की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने, चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *