राजस्थान/बाड़मेर- अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने सिणधरी पुलिस थाने का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, कार्यालय व्यवस्थाएं, आगंतुक कक्ष, मालखाना, हवालात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों से कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान तथा थाना स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों का नियमित संधारण करने तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ रखने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों ने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति से अतिरिक्त जिला कलक्टर को अवगत कराया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनविश्वास को मजबूत करने के लिए पुलिस को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
