बरेली। कोरोना महामारी की दूसरी लहर आने की वजह से दिल्ली मेें हालात फिर से खराब होने लगे हैं। इसके चलते उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने यूपी के प्रवासियों को दिल्ली से लाने के लिए 350 बसों को लगाया है। इसमे रोडवेज की 75 बसों को दिल्ली भेजा गया है। यह बसें दिल्ली में रहने वाले प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाएंगी। प्रवासी श्रमिकों को बसों की कमी नही होने दी जायेगी। जिसको लेकर यात्रियों की संख्या को देखते हुये बसों का संचालन किया जायेगा। कोरोना के बिगड़े हालात पर शासन गंभीर हुआ है। दिल्ली में प्रवासियों को घर वापसी में दिक्कत न हो, इसको लेकर शासन ने पर्याप्त संख्या में रोडवेज बसों का इंतजाम करने को कहा है। शासन के निर्देश पर परिक्षेत्र से 75 बसे दिल्ली बार्डर पर भेजी गई है ताकि दिल्ली से प्रवासी मजदूरों को अपने गंतव्य स्थान पर जाने में कोई दिक्कत न हो। वही अधिकांश प्रवासी मजदूर उत्तराखण्ड व अन्य जिलों से धीरे-धीरे सैटेलाइट व पुराना बस अड्डे पहुंच रहे है। जिनको उनके गंतव्य स्थान पर पहुंचाने के लिए बसों का व्यवस्था की गई है। बरेली परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी का कहना है कि अब प्रवासी मजदूरों के आने का सिलसिला धीरे धीरे कम हो रहा है,उसके बावजूद बसों की व्यापक व्यवस्था रखी है। उन्होंने बताया कि जिस रूट पर कम से कम 35-40 सवारियां हो तभी उस रूट पर बस का संचालन किया जाये। अधिकांश बसे गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, प्रयागराज सहित अन्य रूटों प्रवासी मजदूरों को पहुंचाने जा चुकी है जो अभी वापस नही आई है,उनके आने के बाद उन्हें सैनिटाइज कराकर रूट पर चलाया जायेगा।।
बरेली से कपिल यादव