दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, मासूम समेत तीन गंभीर घायल

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। हाईवे से कस्बे को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक बैंक्वेट हॉल के सामने दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे मे एक बाइक पर सवार दंपती और उनकी मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से बरेली के अस्पताल भिजवाया। वहीं, दूसरी बाइक का सवार हादसे के बाद बाइक छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक गांव ठिरिया खेतल निवासी शमशेर खान बुधवार को अपनी पत्नी और बच्ची के साथ बाइक से कस्बे की ओर जा रहे थे। हाईवे से कस्बे को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर एक बैंक्वेट हॉल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शमशेर खान, उनकी पत्नी और मासूम बच्ची घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक का सवार मौका पाकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। पुलिस फरार बाइक सवार के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *