टैंपो सवार महिला के बैग से आभूषण और 30 हजार की नकदी चोरी

शीशगढ़, बरेली। भाई दूज का त्योहार मनाकर टैंपो से घर लौट रही एक महिला के बैग से सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। महिला ने टैंपो में सवार कुछ कुछ लोगों पर चोरी की आशंका जताते हुए टैंपो चालक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। खजुरिया क्षेत्र के बहादुरगंज गांव निवासी महिला उर्मिला गुरुवार दोपहर बाद भाई दूज का त्योहार मनाकर घर लौट रही थी। शाही क्षेत्र के मिर्जापुर चौराहे से शीशगढ़ के लिए एक टैंपो में बैठी। महिला का बैग चालक ने टैंपो की छत पर रख दिया। आरोप है कि रास्ते मे सहोडा से टैंपो में चार अन्य लोग भी सवार हो गए। महिला का आरोप है कि टैंपो चालक ने उन चारों लोगों को बुची के पास बिना किराया लिए ही उतार दिया। इसके बाद टैंपो शीशगढ़ पहुंचा तो महिला नीचे उतरकर अपना बैग लेने लगी। बैग ऊपर से खुला हुआ और फटा था। महिला ने जब टैंपो चालक से बैग के बारे में सवाल किया और सामान गायब होने की बात कही तो चालक बिना किराया लिए ही टैंपो लेकर मौके से फरार हो गया। महिला का दावा है कि बैग में चांदी की दो हसली, दो खडुवा, एक तगड़ी, दो जोड़ी पायल और सोने का बेसर व पैंडल और तीस हजार नकदी थी, जो आरोपियों ने गायब कर दी। महिला को आशंका है कि रास्ते में टेंपो में सवार लोगों ने उसके बैग से आभूषण चोरी किए हैं। इस संबंध में सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *