आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला क्षेत्र के गांव मनौना में शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव तालाब मे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 32 वर्षीय अमन पुत्र विजेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि मनौना गांव के तालाब में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की पहचान अमन के रूप में हुई। फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। बाहरी परीक्षण मे मृतक के दाहिने गाल पर कट का निशान मिला, जबकि शरीर पर अन्य कोई स्पष्ट चोट नहीं पाई गई।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गुरुवार को अमन का गांव के ही एक व्यक्ति के साथ शराब पीने के दौरान कहासुनी और विवाद हुआ था। विवाद के बाद अमन का भाई उसे घर ले गया था। शुक्रवार सुबह उसका शव तालाब में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
