बरेली। जनगणना-2027 के तहत सोमवार से स्वगणना अभियान शुरू हो गया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अपने कैंप कार्यालय में परिवार और समस्त स्टाफ के साथ स्वगणना कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं और अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान डीएम ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास और भविष्य की योजनाओं का आधार है। इससे जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के बेहतर नियोजन और विकास की प्राथमिकताएं तय करने में मदद मिलती है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वगणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने और परिवार के सदस्यों की सही एवं सटीक जानकारी दर्ज करें। डीएम ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान की सफलता प्रत्येक नागरिक की भागीदारी पर निर्भर करती है। लोग स्वयं स्वगणना करने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वगणना में भागीदारी कर सकें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह सहित कैंप कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
