मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज पुलिस ने छिनैती के मामले मे लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18,200 रुपये की नकदी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए है। मीरगंज थाना पुलिस तहसील रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मढ़ी सत्याना के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीपाल (23) पुत्र प्रेमपाल, सोमपाल (22) पुत्र भूपराम निवासी ग्राम रमपुरा किसान तथा अमन (19) पुत्र विद्याराम निवासी ग्राम खमरिया आजमपुर के रूप मे हुई है। पुलिस ने श्रीपाल के पास से 6,200 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन, सोमपाल के पास से 5,600 रुपये नकद और एक आईफोन, जबकि अमन के पास से 6,400 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई 2026 को रमपुरा जाटान स्थित दुलीराम इंटर कॉलेज के पास एक जनसेवा केंद्र संचालक से छिनैती की वारदात हुई थी। मामले में पुलिस ने पूर्व मे दो आरोपियों रवि (26) और विक्की उर्फ विजय (19) को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वही घटना मे शामिल ये तीनों आरोपी तभी से फरार चल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें जेल भेज दिया।।
बरेली से कपिल यादव
