चुनावी रंजिश में फायरिंग का आरोप, पांच नामजद

फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव ब्राहिमपुर कुन्दन में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। गांव निवासी राजीव ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बुधवार सुबह प्रदीप, अजीत, संजीत, सुखवीर और दलसिंह उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने घर की छत पर चढ़कर लाइसेंसी रायफल और अवैध तमंचों से जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायरिंग की। इसके बाद घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि पूरी घटना चुनावी रंजिश का परिणाम है और आरोपियों ने परिवार में दहशत फैलाने की नीयत से हमला किया। प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि पुलिस की प्राथमिक जांच में फायरिंग की पुष्टि नही हुई है। हालांकि शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो मे एक व्यक्ति के हाथ में रायफल दिखाई दे रही है। ऐसे में यदि लाइसेंसी असलहे के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो उसके लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *