क्योलड़िया, बरेली। भौंआबाजार के गांव कई दिनों से तेंदुए की लगातार मौजूदगी के कारण ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। कुंवरपुर तुलसीपट्टी, सिलरा, मर्गापुर और सतवन पट्टी सहित कई गांवों में तेंदुए को देखे जाने और भऊआ बाजार में उसके द्वारा सात बकरियों को मार डालने की घटना के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने भऊआ बाजार में एक विशेष पिंजड़ा स्थापित किया है। तेंदुए की सटीक लोकेशन का पता लगाने के लिए बुधवार को वन विभाग की टीम ने ग्राम प्रधान जुल्फिकार खां और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से भऊआ बाजार और उसके आसपास के जंगलों में ड्रोन कैमरे उड़ाकर हवाई निगरानी की। ड्रोन की मदद से घने जंगलों और संभावित ठिकानों को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही, वनकर्मियों की कई टीमें धरातल पर भी लगातार सघन कांबिंग ऑपरेशन कर रही है। विभिन्न गांवों में लाउडस्पीकर से मुनादी करवाई है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और अकेले खेतों की ओर बिल्कुल न जाएं। तेंदुए की कोई भी गतिविधि या पदचिह्न दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें।।
बरेली से कपिल यादव
