गुड़ में मिला रासायनिक रंग, मिठास की मात्रा भी निर्धारित मानकों से कम

राजस्थान/बाड़मेर- बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में कृषि उपज मंडी बालोतरा में विक्रय किए जा रहे गुड़ में रासायनिक रंग पाया गया है। जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में गुड़ को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद संबंधित फर्म के खाद्य लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

बालोतरा जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव के निर्देशानुसार बालोतरा जिले में मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के विरुद्ध लगातार निरीक्षण, नमूनीकरण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी भोजराज ने विभागीय टीम के साथ कृषि उपज मंडी, बालोतरा में कार्रवाई करते हुए मैसर्स मलूकचंद जवेरीलाल से गुड़ का नमूना लिया था।

विभाग द्वारा उक्त नमूने को जांच के लिए जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट में गुड़ में रासायनिक रंग की मौजूदगी पाई गई। इसके साथ ही गुड़ में मिठास की मात्रा भी निर्धारित मानकों से कम पाई गई। जांच निष्कर्षों के आधार पर नमूने को जनस्वास्थ्य के लिए असुरक्षित घोषित किया गया।

जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार संबंधित फर्म के खाद्य लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जांच एवं नमूनीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *