साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य करने के निर्देश : सुशील कुमार यादव

राजस्थान/बाड़मेर- जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में आगामी अनार महोत्सव के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने जिले में अनार उत्पादन एवं बागवानी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने, किसानों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनार महोत्सव के माध्यम से जिले की कृषि एवं बागवानी गतिविधियों को नई पहचान दिलाने के साथ किसानों को नवाचार एवं उन्नत तकनीकों से जोड़ने के प्रयास किए जाएं।

इस दौरान राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर यादव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, विभागीय उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने दायित्वों के प्रति गंभीरता बरतें तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही विभागीय कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं निर्धारित लक्ष्यों की समय पर प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयास करने की बात कही।

अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ समाधान किया जाए। पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल औपचारिक जवाब देकर प्रकरणों का निस्तारण नहीं किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान प्राथमिकता से किया जाए।

उन्होंने पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के औसत निस्तारण समय में सुधार करने तथा परिवादियों के संतुष्टि स्तर में वृद्धि लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पशुपालकों को योजना की जानकारी देने तथा अधिकाधिक पात्र पशुपालकों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य दिसंबर माह तक पूर्ण करवाने के लिए विभागीय अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने को कहा।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनसिंह महेचा ने गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक सिणधरी के विकास एवं विभिन्न निर्धारित संकेतकों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपेक्षित सुधार के लिए विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित संकेतकों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति में तेजी लाने तथा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल मीणा, जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता लतीश, पशुपालन विभाग के उप निदेशक पन्नालाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ उम्मेदाराम समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *