गन्ने के खेत में खींचकर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, दो पर मुकदमा दर्ज

नवाबगंज, बरेली। खेत में बकरी चराने गई किशोरी को गन्ने के खेत में खींचकर दो युवकों ने गैंगरेप किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा है। एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत तीन टीमें लगाई हैं। तीनों टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी रविवार शाम अपने छोटे भाई के साथ गांव के बाहर खेत में बकरी चराने गई थी। और उसका भाई कुछ दूरी पर खेल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के गांव में रहने वाला विमलेश अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और किशोरी को खींचकर गन्ने के खेत में ले गया। वहां दोनों ने किशोरी से दुष्कर्म किया और छोड़कर भाग निकले। किसी तरह किशोरी आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची और परिजन को आपबीती बताई। किशोरी की मां उसे लेकर थाने पहुंचीं और विमलेश समेत दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने किशोरी का बयान दर्ज करने के बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सोमवार को एसएसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नवाबगंज इंस्पेक्टर अरुण श्रीवास्तव के साथ ही एसओजी की टीम भी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई है।। पड़ोसी किशोर ने छह साल के बच्चे से किया कुकर्म : बरेली। पड़ोस में रहने वाले किशोर ने छह साल के बच्चे को झाड़ियों में ले जाकर कुकर्म किया। बच्चे की मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी हिरासत में ले लिया है। बारादरी क्षेत्र की महिला ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे पड़ोस में रहने वाला 14 साल का लड़का उनके बेटे को बहलाकर ले गया। काफी देर तक वह नहीं लौटा तो वे लोग खोजबीन करने लगे। इसी दौरान घर के पीछे झाड़ियों में वह खून से लथपथ हालत में मिला। बच्चे ने बताया कि पड़ोसी लड़के ने उसके साथ गलत काम किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। वह बच्चे को लेकर बारादरी थाने पहुंचीं तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। छह साल तक शोषण के बाद शादी से इनकार : बरेली। समुदाय विशेष की युवती ने दूसरे समुदाय के युवक पर शादी का झांसा देकर छह साल तक शारीरिक शोषण करने और फिर शादी से इनकार करने का आरोप लगाकर एसएसपी ऑफिस में शिकायत की है। बारादरी क्षेत्र की युवती ने आरोप लगाया कि करीब छह साल पहले वह युवक के संपर्क में आई और उसने शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो-वीडियो बना लीं। उससे करीब दो लाख रुपये नकद और तीन लाख रुपये ऑनलाइन भी ट्रांसफर करा लिए। मगर कुछ दिन पहले आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज किया और दोनों के धर्म अलग बताकर शादी से इनकार कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी और फिर से जान से मारने की धमकी दी। शादी के संबंध में 13 जुलाई को दोनों के बीच कचहरी में नोटरी समझौतानामा भी हुआ था लेकिन वह भी फिर भी इनकार कर रहा है। इस पर युवती ने सोमवार को एसएसपी ऑफिस में शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *