बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव भोलापुर रामगंगा घाट से गुजरने वाले कावड़ियों के बदहाल और दलदल भरे रास्ते को एक माह से कोई अफसर सुध नही ले रहा था उस मार्ग की तस्वीर खुसरो मेल अखबार मे छपते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। सुबह राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने भोलापुर घाट से कावड़िया मंदिर तक जाने वाले करीब 2 किमी लंबे मार्ग का पैदल निरीक्षण करके दलदल की स्थिति का जायजा लेने के बाद उसमें मिट्टी डालकर रास्ते को दुरस्त करने की योजना बनाई है। गौरतलब है गांव चिटौली निवासी नंदकिशोर और प्रियांशु ने भोलापुर रामगंगा घाट से दंडवत यात्रा शुरू की थी। लगभग 2 किमी तक उन्हें घुटनों तक कीचड़ और दलदल से होकर गुजरना पड़ा था। ग्रामीणों ने बताया कि सावन के चौथे सोमवार को गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कावड़िये भोलापुर घाट पर गंगाजल भरने पहुंचेंगे और इसी मार्ग से होकर जलाभिषेक करने जाएंगे। अब जिलाधिकारी के संज्ञान लेने और टीम के निरीक्षण के बाद कपिल गंगवार, रवि गुर्जर आदि ग्रामीणों को उम्मीद है कि चौथे सोमवार से पहले मार्ग को दुरस्त कराकर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की जाएगी। एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया जांच कराने के बाद पता चला कि वह शॉर्ट कट खेतों से बनाया गया रास्ता है। जिसमें सरकारी कार्य नही कराया जा सकता। इसके बाबजूद भी ग्राम पंचायत अधिकारी और राजस्व टीम को रास्ता दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए है।।
बरेली से कपिल यादव
