क्योलड़िया, बरेली। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन माटी लेकर पहुंची कलश वंदन यात्रा का क्षेत्र के विभिन्न गांवों में श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। मंगलवार को भाजपा भदपुरा मंडल क्षेत्र के क्योलड़िया और अब्दला गांव में क्षेत्रीय विधायक डॉ. एमपी आर्य एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि शंकर गंगवार ने यात्रा का अभिनंदन किया। इस दौरान विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपनी वाणी और कर्मों के माध्यम से समाज को समानता, सामाजिक समरसता, सम्मान और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य कर रहे है। कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने कलश वंदन यात्रा का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। यात्रा के माध्यम से संत रविदास महाराज के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर सदस्य बाल श्रम बोर्ड भुजेंद्र गंगवार, भाजपा जिला मंत्री डॉ. मीनाक्षी गंगवार, मंडल अध्यक्ष खेमकरण लाल, प्रधान संघ अध्यक्ष राम प्रताप गंगवार, वीरपाल गौतम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरू सागर आदि लोग मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
