कैंट मे दो अवैध कॉलोनियों को किया ध्वस्त

बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को थाना कैंट क्षेत्र में दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान करीब नौ हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। बीडीए की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि पहली कार्रवाई ग्राम बारीनगला में की गई। यहां वरुण शंखवार की ओर से आरोही एन्क्लेव के नाम से करीब चार हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां भूखंडों का चिह्नांकन, सड़क, गेट और चहारदीवारी बनाई जा रही थी। कैंट इलाके के ही बुखारा रोड पर नेम चंद्र सक्सेना और पोशाकीलाल उपाध्याय की ओर से भी लगभग पांच हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में कॉलोनी विकसित की जा रही थी। दोनों ही जगह बिना प्राधिकरण की अनुमति से कार्य कराया जा रहा था। इसको लेकर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के अंतर्गत किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। बिना स्वीकृत मानचित्र के किया गया निर्माण या प्लॉटिंग अवैध माना जाएगा। भवन या भूखंड खरीदने से पहले मानचित्र स्वीकृति की पुष्टि अवश्य करें।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *