बरेली। पीलीभीत बाईपास क्षेत्र में प्रस्तावित न्यू टाउनशिप को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण ने तैयारियां आगे बढ़ा दी है। बीडीए वीसी सौम्या पांडेय ने टाउनशिप के लिए जमीन की खरीद प्रक्रिया तेज करा दी है। प्राधिकरण अब तक 9 गांव की 117 हेक्टेयर जमीन खरीद चुका है। 258 बैनामों के जरिए भूमि सौदे के बदले किसानों को लगभग 560 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष का कहना है कि विश्वस्तरीय टाउनशिप विकसित होने से क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया टाउनशिप के लिए ग्राम कुम्हरा, नवदिया कुर्मियान, अडूपुरा जागीर, आसपुर खूबचन्द, बरकापुर, हरहरपुर, कलापुर, अहिलादपुर और मोहरनिया में जमीन खरीदी गई है। खरीद की प्रक्रिया में किसानों के हितों और पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। भुगतान भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है। प्रस्तावित टाउनशिप में आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा चौड़ी सड़कें, पार्क और हरित क्षेत्र, जलापूर्ति, सीवर और जल निकासी जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। बिजली व्यवस्था के साथ स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग, सामुदायिक केंद्र, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े संस्थानों के लिए जगह तथा खेल और मनोरंजन की सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। पीलीभीत बाईपास पर टाउनशिप विकसित होने से शहर के इस हिस्से में विकास की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है। आवासीय गतिविधियों के साथ बाजार और कारोबार के नए केंद्र विकसित होंगे। इससे रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ आसपास के इलाकों में भी सड़क, बिजली और दूसरी सुविधाओं का विस्तार होगा। बीडीए का लक्ष्य टाउनशिप को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करना है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद पीलीभीत बाईपास क्षेत्र बरेली के प्रमुख विकसित इलाकों में शामिल होगा।।
बरेली से कपिल यादव
