उर्वरक की दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित, एक को नोटिस

बरेली। सीडीओ की ओर से गठित टीमों ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न उर्वरक बिक्री केंद्रों की जांच की। जिला कृषि अधिकारी के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने तहसील सदर और आंवला क्षेत्र की कई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए। एक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने बताया कि टीम को आंवला स्थित राधा माधव बीज भंडार पर बिक्री से जुड़े अभिलेख अधूरे मिले। दुकानदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वही लभारी स्थित बीआर ट्रेडर्स से उर्वरक के नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। चिंजरी बाल किशनपुर स्थित जय भोले कृषि रसायन केंद्र और जय मां कृषि केंद्र पर आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। इसको लेकर दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। टीम ने कुल 26 उर्वरक बिक्री केंद्रों की जांच की। इस दौरान कुल 14 नमूने संगृहीत किए गए। 18 दुकानों पर प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन में दर्ज स्टॉक का मौके पर मिलान किया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *