बरेली। खेत में फसल की सिंचाई के लिए पानी लेने नदी में उतरे किसान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से किसान संभल भी नहीं पाया। मगरमच्छ ने उसके दाहिने पैर की जांघ में दांत गड़ा दिए, जिससे दो जगह गहरे घाव हो गए। परिजनों ने उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। क्योलड़िया थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी 40 वर्षीय महिपाल ने जिला अस्पताल में बताया कि शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह खेत में इंजन से पानी लगा रहे थे। इसी दौरान इंजन ने पानी उठाना बंद कर दिया। इसके बाद वह पास से गुजर रही केन नदी में केन लेकर पानी भरने पहुंचे। जैसे ही वह नदी में उतरे, वहां मौजूद मगरमच्छ ने उनके दाहिने पैर पर हमला कर दिया। मगरमच्छ के दांत लगने से जांघ में दो जगह चोटें आई। महिपाल ने किसी तरह खुद को संभालते हुए घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग उन्हें 108 एंबुलेंस से स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात अदनान अली ने बताया कि किसान की जांघ पर किसी जंगली जानवर के दांतों से चोट के निशान मिले हैं। घाव की सफाई कर मरहम-पट्टी की गई और जरूरी इंजेक्शन लगाए गए हैं। फिलहाल महिपाल की हालत सामान्य है और इमरजेंसी वार्ड में उनका उपचार जारी है।।
बरेली से कपिल यादव
