बहेड़ी, बरेली। किसान नेता की संदिग्ध परिस्थिति मे हुई मौत की असली वजह जानने के लिए उसके भाई ने पुलिस को पत्र सौंपकर गुहार लगाई है। उसने कहा कि घटना के समय जो साक्ष्य मिले हैं, उसके आधार पर जांचकर सच्चाई सामने लाई जाए। उधर, दोनों युवकों की हालत स्थिर बनी हुई है। अभी उन्हें होश नहीं आया है। भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के तराई क्षेत्र के महासचिव बहेड़ी के मोहल्ला मोहम्मदपुर निवासी 30 वर्षीय शोएब रजा, शेखूपुर निवासी 40 वर्षीय नदीम खान उर्फ टार्जन और 30 वर्षीय नदीम मंसूरी उर्फ जग्गा दोस्त है। गत बुधवार की रात सभी घूमने निकले थे। बताया जा रहा है कि बुधवार रात किसी वक्त नदीम उर्फ टार्जन की हालत बिगड़ी तो किसान नेता शोएब और उसके दोस्त उसे निजी अस्पताल में लेकर गए और इलाज कराया। इसके बाद किसान नेता गुरुवार सुबह करीब पांच बजे शोएब चांद नाम के दोस्त के घर जाकर सो गया।सुबह होने पर जब शोएब नहीं उठा तो गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे उसके दोस्त उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। शोएब के भाई शाजेब ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे चांद ने उन्हें इसकी सूचना दी। इसके बाद शाजेब अपने भाई शोएब को बहेड़ी के निजी अस्पताल से एसआरएमएस लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शोएब की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। इस वजह से उसका विसरा सुरक्षित रख लिया गया था। उधर, नदीम खान उर्फ टार्जन व नदीम मंसूरी उर्फ जग्गा की हालत में कोई सुधार नहीं बताया जा रहा है। बहेड़ी थाना निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि पत्र के आधार पर अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
