किसान दिवस मे सुनवाई को नही पहुंचे कई अफसर, भड़के किसान

बरेली। विकास भवन सभागार मे बुधवार को आयोजित किसान दिवस में चंद अफसर पहुंचे। इससे गुस्साए किसानों ने नारेबाजी कर हंगामा किया। जिला विकास अधिकारी ने समझाकर किसानों को शांत कराया। दरअसल, किसानों की समस्या सुनने के लिए जारी की गई सूची में 27 अफसरों के नाम थे मगर गिनती के अफसर आए थे। इससे नाराज होकर किसानों ने किसान दिवस का बहिष्कार कर दिया। किसानों ने कहा कि दूरदराज से किराया खर्च कर अफसरों के सामने समस्याएं रखने आते हैं, लेकिन यहां जिम्मेदार अधिकारी ही गायब रहते हैं। किसान नेता पप्पू गंगवार ने आरोप लगाया कि दूरदराज से आने वाले किसानों को लेकर अफसर गंभीर नही है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले किसान दिवस में खानापूरी करने को कुछ अफसरों को भेज दिया जाता है, जिनके पास आश्वासन देने के सिवाय कुछ नहीं होता। अरविंद पटेल ने कहा कि अगर पहले पता होता कि उच्च अधिकारी नहीं आएंगे तो वह यहां नही आते। जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव किसानों के बीच पहुंचे और बताया कि डीएम व सीडीओ बैठक में व्यस्त होने के कारण नहीं आ सके। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद किसान लौट गए। डीडी कृषि ओपी मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी, पीडी चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, बाढ़ खंड के एक्सईएन नीरज कुमार, सहायक अभियंता अजीत कुमार आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *