कांवड़ियों के हर जत्थे के साथ रहेगा नोडल अफसर, एसएसपी ने हर थाने मे बनाई कांवड़ सेल

बरेली। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस ने इस बार व्यापक रणनीति तैयार की है। एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस लाइन स्थित रविन्द्रालय सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। इस बार हर थाना स्तर पर कांवड़ सेल का गठन किया गया है और हर एक कांवड़ जत्थे के साथ एक नोडल अधिकारी तैनात रहेगा। एसएसपी अनुराग आर्य ने निर्देश दिए कि तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर गांव, मजरा और मोहल्लों में पुलिस अधिकारी स्वयं पहुंचकर कांवड़ जत्थेदारों और आयोजकों से संवाद करेंगे। प्रत्येक जत्थे की पूरी जानकारी संकलित कर उसे पुलिस प्रणाली से जोड़ा जाएगा। साथ ही 20 जुलाई तक ग्राम प्रहरी, पीस कमेटी, धर्मगुरु, व्यापार मंडल, ग्राम प्रधान, डीजे संचालक, होटल-ढाबा संचालक, पेट्रोल पंप संचालक, कांवड़ समितियों, निजी चिकित्सालयों और ट्रक यूनियनों सहित विभिन्न वर्गों के साथ प्रतिदिन संवाद गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रभावी निगरानी के लिए पूरे जिले को सुपर जोन, जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी सब-सेक्टरों में 24 घंटे पुलिस बाइक मोबाइल ड्यूटी रहेगी। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिस चेक पोस्ट स्थापित किए जाएंगे, जबकि जिले की सीमाओं और संवेदनशील स्थानों पर अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई जाएंगी। इन चौकियों को वायरलेस सेट, बैरियर, फर्स्ट एड बॉक्स और अन्य आवश्यक संसाधनों से लैस किया जाएगा। बैठक में निर्देश दिए गए कि जहां कांवड़ियों के रेलवे ट्रैक पार करने की आशंका हो, वहां विशेष पुलिस व्यवस्था की जाए। कांवड़ मार्गों पर आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। झूलते बिजली के तार, ट्रांसफार्मर और विद्युत पोलों को सुरक्षित कराया जाएगा। डिवाइडरों के कट बंद कराने के साथ वहां भी पुलिस बल तैनात रहेगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *