कांवड़ियों के जत्थे को बेकाबू ट्रक ने रौंदा, तीन लोग घायल, डेढ़ घंटे जाम रहा हाइवे

फतेहगंज पूर्वी, बरेली। जनपद मे हरिद्वार से गोला गोकर्णनाथ पैदल चलकर जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़ियों के जत्थे को हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में तीन कांवड़िया घायल हो गए। हादसे के बाद कांवड़ियों ने ट्रक को घेर कर पकड़ लिया। हादसे के बाद उत्तेजित कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची कई थानों की पुलिस ने कांवड़ियों को समझाकर हाईवे से हटाकर जाम खुलवाया । पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर ड्राइवर को हिरासत में लिया है। घायल अवस्था में तीन कांवडियों को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को शाहजहांपुर के मदनापुर के 36 कांवड़ियो का जत्था हरिद्वार से जल लेकर हाईवे से पैदल गोला गोकर्णनाथ जलाभिषेक करने जा रहा था। कांवड़ियों का जत्था फतेहगंज पूर्वी के पास प्रधान ढाबे के सामने से निकल रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने कांवड़ियों को रौंद दिया। कांवड़ियों में भगदड़ मच गयी। हादसे में कांवड़ियों के जत्थे में शामिल शाहजहांपुर के मदनापुर के रहदेवा निवासी दिनेश सिंह,चंदापुर के रविंद्र, एवं करनपुर पडरी के अनुज गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों को सड़क पर घायल अवस्था में छटपटाते देख कांवडिया भड़क उठे।उन्होंने ट्रक को घेर लिया। ड्राइवर ने ट्रक से उतर कर भागने की कोशिश की। कांवड़ियों ने उसे पकड़कर हंगामा शुरू कर दिया। कांवड़िया हंगामा करते हुए हाईवे पर बैठ गये। उन्होंने हाईवे के ट्रैफिक को बंद कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ संदीप सिंह, तहसीलदार प्रशांत अवस्थी, बिथरी चैनपुर इंस्पेक्टर राजेश मिश्रा, फतेहगंज पूर्वी इंस्पेक्टर राजकुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल अवस्था में तड़प रहे कांवड़ियों को बरेली के अस्पताल भेजा। कांवड़ियों को समझकर हाईवे का जाम खुलवाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर ड्राइवर को हिरासत में लिया। जत्थे में शामिल अन्य कांवड़ियों को सुरक्षित गोला गोकर्णनाथ रवाना किया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *