कलह से परेशान विवाहिता सात घंटे मोबाइल टावर पर चढ़ी रही

आंवला, बरेली। थाना क्षेत्र के ग्राम रमनगला मे उस समय हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक विवाद से परेशान 30 वर्षीय विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर पहुंचने के बाद महिला ने खुद डायल 112 पर फोन कर सूचना दी कि वह घरेलू कलह से तंग आकर यह कदम उठा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। करीब सात घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान और लगातार समझाइश के बाद महिला को सकुशल नीचे उतार लिया गया। ग्राम रमनगला निवासी प्रीति सुबह टावर पर चढ़ गई थी। सूचना पर सीओ, एसडीएम विदुषी सिंह, नायब तहसीलदार दीप्ति पाल, नायब तहसीलदार प्रतिष्ठा साह, थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से टावर के आसपास घेराबंदी कर लोगों को दूर रखा और महिला से लगातार बातचीत करती रही। टावर पर मौजूद महिला ने आरोप लगाया कि परिवार में आए दिन विवाद होता है और उस पर बेवजह शक किया जाता है। उसका कहना था कि पति ने खर्च के लिए पैसे नही दिए। जिससे वह मानसिक तनाव में थी। महिला ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसी घटनाएं देखकर उसने टावर पर चढ़ने का फैसला किया। उसने पति और उसके एक परिचित से जुड़े कुछ निजी आरोप भी लगाए। उधर, महिला के पति राजेश ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि वह काम के सिलसिले में हिमाचल प्रदेश गए हुए थे और गुरुवार सुबह ही गांव लौटे है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी पत्नी को प्रताड़ित नहीं किया। उनके अनुसार पत्नी पहले से ही टावर पर चढ़कर उन्हें झूठे मामले में फंसाने की बात कह रही थी। जिस व्यक्ति का नाम लिया जा रहा है, उससे केवल सोशल मीडिया के माध्यम से परिचय था। करीब सात घंटे तक चले रेस्क्य अभियान के बाद महिला नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर थाने ले जाकर पूछताछ की और मेडिकल भी कराया। प्रभारी निरीक्षक बीनू सिंह ने बताया कि महिला को सकुशल उतार लिया गया है। किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक क्लेश का सामने आया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *