बरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक की गई। डीएम अविनाश सिंह ने स्वास्थ्य योजनाओं, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की प्रगति के बारे में जाना। उन्होंने टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने और ओपीडी में समय से डॉक्टरों के बैठने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शीघ्र ही सभी पीएचसी की भी ओपीडी की लाइव मॉनिटरिंग भी शुरू की जाएगी। बैठक में बानखाना, बाकरगंज और जसोली अर्बन पीएचसी की अधिकांश मापदंडों पर प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। ई-संजीवनी ओपीडी की समीक्षा में ब्लॉक बिथरी चैनपुर, फतेहगंज पश्चिमी एवं क्यारा की स्थिति कमजोर मिलने पर विशेष सुधारात्मक कार्ययोजना बनाने को कहा गया। नियमित टीकाकरण में फरीदपुर एवं रामनगर की प्रगति सराहनीय रही, जबकि जसोली अर्बन पीएचसी और बहेड़ी में कम टीकाकरण पर सुधार के निर्देश दिए गए। संस्थागत प्रसव में शेरगढ़, मुड़ियानबी बख्स और सी-सेक्शन डिलीवरी में भमोरा पीएचसी की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में सीडीओ देवयानी, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, एमओआईसी आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
