राजस्थान/बाड़मेर- नगर निकाय आम चुनाव के तहत एमबीआर महाविद्यालय में चल रही ईवीएम कमीशनिंग प्रक्रिया का उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने निरीक्षण किया। उन्होंने कमीशनिंग कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने विभिन्न कक्षों में चल रही ईवीएम कमीशनिंग प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया तथा रिटर्निंग अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने ईवीएम की कमीशनिंग के दौरान निर्धारित प्रक्रिया, सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। सभी रिटर्निंग अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक पूर्ण सतर्कता एवं सावधानी के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक प्रक्रिया को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार संपादित करें। उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा, रिकॉर्ड संधारण एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच सहित सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कमीशनिंग कार्य में लगे कार्मिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गोपनीयता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण गुणवत्ता एवं सावधानी के साथ सुनिश्चित किए जाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं कमीशनिंग कार्य में लगे कार्मिक उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
