इंचार्ज प्रधानाध्यापक डॉ. अमित शर्मा ने अपने पुत्र का नामांकन कराकर सरकारी स्कूल पर जताया भरोसा

*विद्यालय में आधुनिक प्रयोगशालाओं और पुस्तकालय की स्थापना से बदल रही सरकारी शिक्षा की तस्वीर

बरेली। सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता और जनविश्वास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी, फरीदपुर के इंचार्ज प्रधानाध्यापक डॉ. अमित शर्मा ने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने अपने पुत्र प्रज्ञन्य शर्मा का नामांकन अपने ही विद्यालय में कराकर यह संदेश दिया है कि सरकारी विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में सक्षम हैं और शिक्षक स्वयं भी इन पर पूर्ण विश्वास रखते हैं। यह डॉ. अमित शर्मा की पहली ऐसी पहल नहीं है। इससे पूर्व प्राथमिक विद्यालय मटिया नगला, फरीदपुर में प्रधानाध्यापक रहते हुए भी उन्होंने अपने पुत्र को कक्षा 1 से 5 तक उसी विद्यालय में शिक्षा दिलाई थी। अब कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी में कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने सबसे पहला नामांकन भी अपने पुत्र का कराकर अपनी कथनी और करनी में समानता का परिचय दिया है। डॉ. अमित शर्मा केवल नामांकन बढ़ाने तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यालय में आधुनिक एवं नवाचार आधारित शिक्षण वातावरण विकसित करने के लिए भी निरंतर प्रयासरत हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम आईसीटी लैब, ‘उड़ान’ सोशल साइंस लैब तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर ओपन लाइब्रेरी की स्थापना की जा चुकी है। इसके साथ ही इसी शैक्षिक सत्र में डॉ. सी. वी. रमन स्मार्ट साइंस लैब तथा रामानुजन मैथमेटिक्स लैब की स्थापना की भी योजना है। इन पहलों का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक, प्रयोगात्मक और गतिविधि-आधारित शिक्षण का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।डॉ. अमित शर्मा का मानना है कि जब सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण संसाधन, समर्पित शिक्षक और नवाचार आधारित शिक्षण उपलब्ध होगा तथा शिक्षक स्वयं अपने बच्चों को इन विद्यालयों में पढ़ाएंगे, तब समाज का विश्वास स्वतः मजबूत होगा। शिक्षा जगत में उनकी इस पहल की सराहना की जा रही है। शिक्षकों और अभिभावकों का मानना है कि डॉ. अमित शर्मा ने यह सिद्ध किया है कि इच्छाशक्ति, नेतृत्व और नवाचार के बल पर सरकारी विद्यालय भी उत्कृष्ट शिक्षा के केंद्र बन सकते हैं। उनकी यह पहल अन्य शिक्षकों और विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *