बरेली। सावन माह के तीसरे सोमवार पर प्रशासन ने नाथ नगरी बरेली के सातों नाथ मंदिरों व वहां जलाभिषेक करने पहुंचने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की। पुष्प वर्षा से श्रद्धालु बेहद खुश नजर आए। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी हवाई सर्वेक्षण किया। सुबह नौ बजे से ही पुलिस लाइन में फूल बरसाने के लिए हेलीकॉप्टर तैयार हो गया था। हालांकि बादल और बारिश के चलते यह कार्यक्रम लगभग दस बजे शुरू हो पाया। लगभग 12.30 बजे तक पुष्प वर्षा का कार्यक्रम क्रमवार चलता रहा। सबसे पहले डीआईजी अजय कुमार सहानी और कमिश्नर शम्भू कुमार ने हेलीकॉप्टर से उड़ान भर पुष्प वर्षा की। उसके बाद डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने हेलीकॉप्टर से उड़ान भर फूल बरसाए। अंत में एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी और एसपी सिटी मानुष पारीक ने पुष्प वर्षा की। एडीएम ई पूर्णिमा सिंह, एसडीएम सदर इशिता किशोर, एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए। सीडीओ देवयानी, सीओ तृतीय शिवम आशुतोष, तहसीलदार सदर और नायब तहसीलदार सदर ने भी बरेली के कांवड़ मार्गों, नाथ मंदिरों का निरीक्षण करते हुए कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की। कुल सात बार हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। पुष्पवर्षा के दौरान कांवड़ियों मे खासा उत्साह नजर आया। फूलों से सजे मार्ग पर शिवभक्त बम-बम भोले के जयघोष के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। किसी के हाथ में तिरंगा था तो कोई भगवा ध्वज लहराते हुए आगे बढ़ रहा था। कांवड़ियों ने कहा कि प्रशासन के सम्मान ने उनमें नई ऊर्जा भर दी है और अब वे और उत्साह के साथ बाबा भोलेनाथ को गंगाजल अर्पित करने के लिए बढ़ रहे है।।
बरेली से कपिल यादव
