बालोतरा/राजस्थान- अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने गुरुवार रात्रि शहर का भ्रमण कर रोड लाइट, स्वच्छता, रेलवे स्टेशन के पास स्थित आरओबी तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान समाचार पत्र में प्रकाशित रेलवे स्टेशन के समीप बने आरओबी में पानी के रिसाव संबंधी समाचार का संज्ञान लेते हुए जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव के निर्देश पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से रिसाव के कारणों की जानकारी ली तथा समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
रात्रि भ्रमण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राम सेतु क्षेत्र में बंद पड़ी रोड लाइटों को तत्काल चालू करवाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने, चोक पड़ी सीवरेज लाइन को दुरुस्त करने तथा शहर में नियमित एवं प्रभावी साफ- सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग, रूडीप एवं नगर परिषद के अधिकारियों से कहा कि आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि शहर की सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
— राजस्थान से राजूचारण
