बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के मिनी बाईपास स्थित प्रताप अस्पताल पर आयुष्मान कार्ड के बावजूद इलाज के नाम पर रुपये मांगने और शव देने के लिए 22 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है। भमोरा के बल्लिया गांव निवासी सचिन सागर ने पुलिस को दी तहरीर में अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए है। सचिन के मुताबिक 18 सितंबर को हादसे में घायल उसकी दादी को टेंपो चालक प्रताप अस्पताल लेकर पहुंचा था। वह अपने पिता के साथ अस्पताल पहुंचा और दादी का आयुष्मान कार्ड दिखाकर योजना के तहत इलाज कराने का अनुरोध किया। आरोप है कि कर्मचारियों ने रुपये जमा करने का दबाव बनाया। दोपहर में दादी की मौत के बाद अस्पताल की ओर से 22 हजार रुपये मांगे गए और रकम जमा किए बिना शव नहीं देने का आरोप है। पुलिस के पहुंचने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सचिन ने अस्पताल के मैनेजर पर उसे रोकने, गाली-गलौज और जातिसूचक अपशब्द कहने व धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसने सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने, आयुष्मान रिकॉर्ड की जांच और एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बाद भी वह कार्रवाई के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
