बरेली। आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा और मानदेय भुगतान में पारदर्शिता लाने के लिए प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीसीओएस) की शुरुआत की है। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन से निगम का शुभारंभ किया। पोर्टल और वेबसाइट भी लॉन्च की गई। इसका सीधा प्रसारण आईएमए हॉल में किया गया। सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों को उनके अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिवद्ध है। निगम के माध्यम से कर्मचारियों का पूरा मानव संसाधन प्रबंधन डिजिटल होगा। इससे विचौलियों और कर्मचारियों के शोषण की गुंजाइश खत्म होगी। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि सफाईकर्मी और दूसरे कर्मचारी रोजाना लोगों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा का ध्यान रखना जरूरी है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों को बढ़ा मानदेय, ईपीएफ, ईएसआईसी, चिकित्सा सुविधाएं, प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को पीपीएफ किट बांटी गई। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के तहत 38 लाभार्थियों को 57.15 लाख रुपये की सहायता दी गई। इनमें मृत्यु व दिव्यांगता सहायता योजना समेत अन्य योजनाओं के लाभार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, आंवला भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य व अन्य मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
