आंवला, बरेली। जनपद के आंवला क्षेत्र में उफनती अरिल नदी के रपटा पुल से बाइक समेत बहे तीन युवकों में से दो के शव मंगलवार को बरामद कर लिए गए। करीब 15 घंटे से चल रहे तलाशी अभियान के दौरान गोताखोरों ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर दोनों शव खोज निकाले। मृतकों की पहचान प्रेम और विष्णु स्वरूप के रूप में हुई है। दोनों विशारतगंज के आंबेडकर नगर वार्ड के रहने वाले बताए गए हैं। तीसरे युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसा सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे आंवला-अतरछेड़ी मार्ग पर डरुआपुर गांव के पास अरिल नदी के रपटा पुल पर हुआ था। लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर है और पुल के ऊपर करीब डेढ़ से दो फीट पानी बह रहा था। इसी दौरान तीन दोस्त एक बाइक पर सवार होकर पुल पार करने लगे। पुल के बीच पहुंचते ही तेज बहाव के बीच बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और तीनों युवक बाइक समेत नदी में जा गिरे। कुछ देर तक युवक पानी में तैरकर खुद को बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन तेज धारा उन्हें बहाकर ले गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत अन्य पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। रात में भी युवकों की तलाश की गई, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह नौ गोताखोरों की टीम ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। घटनास्थल के आसपास करीब 250 मीटर के दायरे में नदी को खंगाला गया। लगभग 15 घंटे की मशक्कत के बाद दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए। बरामद शवों की पहचान प्रेम और विष्णु स्वरूप के रूप मे हुई है। दोनों विशारतगंज के आंबेडकर नगर वार्ड के निवासी बताए जा रहे हैं। तीसरे युवक का अभी पता नहीं चल सका है। गोताखोर और रेस्क्यू टीमें नदी के बहाव की दिशा में उसकी तलाश कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
