रामनगर, बरेली। जलाभिषेक कर घर लौट रहे कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली मंगलवार की देर शाम रामनगर और मऊ चंदपुर के बीच अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इससे बचने के चक्कर में टेंपो 10 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में टेंपो सवार एक की मौत हो गई, जबकि करीब 24 लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को सड़क से हटाकर यातायात चालू कराया। रामनगर के गांव किटौना से मंगलवार को शिवतेरस पर ट्रैक्टर-ट्राली से श्रद्धालु गुलड़िया के गौरीशंकर मंदिर पर जलाभिषेक करने गए थे। देर शाम सभी घर लौट रहे थे, तभी रामनगर और मऊ चंदपुर के बीच ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। ट्राली से बचने के चक्कर में टेंपो सड़क किनारे 10 फीट गहरी खाई में जा गिरा। ट्रैक्टर-ट्राली में सवार 24 श्रद्धालु घायल हो गए। वहीं, टेंपो सवार दो लोगों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई। वह शाहबाद जा रहा था। उसकी पहचान नही हो पाई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रामनगर पीएचसी भेजा, वहां से सभी लोगों को रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर आसपास के गांवों से भीड़ जुट गई। सूचना पर घायलों के परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने लोगों की मदद से ट्रैक्टर-ट्राली को रोड से हटवाकर यातायात शुरू करा दिया। वही हादसे में रामनगर के गांव किटौना के रामवीर, अजय, एरावती, दिव्यांश, स्वाति, नवल, अनूप, लौंगश्री, मुनीश, तुलसी, वीरेश, नन्ही, नितिन, सौरभ, सारिका, टिंकू, अखिलेश, ऋषिपाल, छोटी, अनिल, जयप्रकाश, राजकुमार, राजेश्वर, गोविंद तथा टेंपो चालक रवि आदि घायल हो गए है। महिलाओं-बच्चों में मच गई चीख-पुकार : बरसेर। शिवतेरस पर भोले बाबा का जलाभिषेक करने कुछ महिलाएं और बच्चे भी गए थे। शाम तक मेले में सभी ने खरीदारी की। शाम छह बजे ट्रैक्टर-ट्राली से सभी घर जा रहे थे। श्रद्धालुओं से खचाखच भरी ट्रॉली तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर रोड पर ही पलट गई। महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई।।
बरेली से कपिल यादव
