बरेली। अधकटा नजराना स्थित अटल आवासीय विद्यालय मे बच्चों को मिल रही सुविधाओं को लेकर मंडलायुक्त शंभू कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। कमिश्नरी सभागार मे बुधवार को हुई मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की न बैठक में विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक मे बताया गया कि विद्यालय में अभी तक किताबों की आपूर्ति नहीं हुई है। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने उप श्रमायुक्त को संबंधित वेंडर के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि हॉस्टल में रहने वाले बच्चों को बिजली, पानी व साफ-सुथरा भोजन समय से मिलता रहे। मेस मे साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। बच्चों के परिवार वालों से बातचीत के लिए विद्यालय में फोन की सुविधा भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई में कमजोर बच्चों पर शिक्षक विशेष ध्यान दें। मंडलायुक्त ने सीडीओ देवयानी को विद्यालय का महीने मे कम से कम एक बार निरीक्षण करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पटाखा गोदामों पर छापेमारी के निर्देश दिए : बरेली मे कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में धमाके के बाद बरेली मंडल में भी प्रशासन सतर्क हो गया है। दशहरा और दीपावली से पहले मंडलायुक्त शंभू कुमार ने बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर के जिलाधिकारियों को पटाखा फैक्टरियों और गोदामों की सघन जांच के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने कहा है कि पटाखों के भंडारण और बिक्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर न होने पाए। जांच के दौरान पटाखा कारोबारियों के लाइसेंस, गोदाम की क्षमता और वहां रखे विस्फोटक पदार्थों की मात्रा का मिलान किया जाएगा। अग्निशमन की व्यवस्था भी देखी जाएगी। मंडलायुक्त ने चारों जिलों के अधिकारियों से साफ कहा कि त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
