सीएम 30 को करेंगे मंडलीय समीक्षा, रामायण वाटिका का कर सकते हैं लोकार्पण

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली दौरे की तारीख लगभग तय हो गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 29 जून को वह प्लेन से त्रिशूल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलिकॉप्टर के जरिये पीलीभीत फिर मुरादाबाद जाएंगे। वहां रात्रि विश्राम के बाद 30 जून को रामपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहां से वह फिर हेलिकाॅप्टर से बरेली पुलिस लाइन पहुंचेंगे और सर्किट हाउस में मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे। शाम को रामगंगानगर में बीडीए की रामायण वाटिका का लोकार्पण भी कर सकते है। शासन की ओर से अभी सीएम के दौरे का कार्यक्रम तो जारी नहीं किया गया है, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय से जिले के अफसरों को प्रस्तावित तिथि की जानकारी दे दी गई है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक समेत पुलिस और प्रशासन के कई अफसरों ने शनिवार को सर्किट हाउस और त्रिशूल एयरपोर्ट पहुंचकर तैयारियों को परखा। सर्किट हाउस में रंग-रोगन, फुटपाथ की मरम्मत के कार्यों का जायजा लिया। सभागार में चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने के बाद जरूरी दिशा-निर्देश दिए। पार्किंग स्थल सहित सर्किट हाउस से त्रिशूल एयरपोर्ट तक के रास्ते पर यातायात व्यवस्था को परखा। त्रिशूल एयरपोर्ट पर आने के बाद सीएम के अगले कार्यक्रम की स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है। अगर सीएम दोपहर का भोजन बरेली मे करेंगे तो वह सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंचेंगे और फिर पुलिस लाइन से हेलिकॉप्टर के जरिये पीलीभीत रवाना होंगे। इसके अलावा, एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर के जरिये सीधे भी पीलीभीत जा सकते है। मुख्यमंत्री की ओर से करीब 4000 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित है, लेकिन जनसभा न होने से इस पर संशय है। बीडीए कार्यालय के बगल में 33 हजार वर्गमीटर भूमि पर 46 करोड़ की लागत से विकसित रामायण वाटिका में तैयारियां पूरी हो चुकी है। यहां 51 फीट ऊंची भगवान राम की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। बीडीए कार्यालय परिसर को भी लाइटों से सजाया गया है। परिसर में जो भी कमियां थीं, उन्हें दूर कर लिया गया है। रामायण वाटिका में सीएम के भ्रमण के दौरान लेजर शो भी होगा। मुख्यमंत्री पीडब्ल्यूडी की मंडलीय कार्ययोजना की बैठक लेंगे। इसमें 3152.64 करोड़ के 774 कार्यों को मंजूरी देंगे। इसमें दिए गए प्रस्तावों की समीक्षा करेंगे। इसमें नव निर्माण, बाइपास, फ्लाईओवर, सड़कें, सेतु, भवन के काम होंगे। जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा। इसके लिए शनिवार को पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने लंबी बैठक की।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *