बरेली। साइबर ठगों ने एल्गो ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 50 लाख ठग लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। मामले की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है। थाना बारादरी के आशीष रॉयल पार्क निवासी आलोक दुबे ने पुलिस को बताया कि 16 जनवरी को उनके पास अंश कुमार नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने शेयर मार्केट में एल्गो ट्रेडिंग के माध्यम से निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का दावा किया। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर एसएमसी ब्रोकिंग नाम का एप डाउनलोड कराया और केवाईसी कराकर अकाउंट खुलवाया। आरोपी ने येस बैंक का खाता नंबर देकर उसमें रुपये जमा कराए। मार्च 2026 तक उनसे लाखों रुपये जमा करा लिए गए। जब उन्होंने रकम वापस लेने प्रयास किया तो बताया गया कि 30 अप्रैल तक लॉकइन है, रुपये नहीं निकाले जा सकते। बाद में पुराना एप बंद कर दिया गया और स्टार इन्वेस्टमेंट्स नाम का दूसरा एप डाउनलोड कराया गया। आरोप है कि रुपये निकालने के नाम पर 15 प्रतिशत कमीशन और 18 प्रतिशत जीएसटी भी जमा करा लिया, लेकिन रकम वापस नहीं की गई। पीड़ित आलोक दुबे का कहना है कि आरोपियों ने ऑडिट चलने का हवाला देकर एक महीने में रकम रिलीज होने की बात कही। फिर अंश की जगह अमन तिवारी बात करने लगा। बाद में 5 जून से 6 जून तक खाते में रुपये आने का भरोसा दिया गया, लेकिन रकम नहीं आई। इस दौरान उनसे 20 ट्रांजेक्शन में कुल 49,43,898 रुपये जमा कराए गए। अब आरोपी फोन उठाना भी बंद कर चुके हैं। इस पर उन्होंने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत के बाद साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।।
बरेली से कपिल यादव
