सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज क्षेत्र मे रविवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए घटना की तहरीर थाने में दी है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मीरगंज के असद नगर निवासी हरप्रसाद ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी यमुना की शादी पिछली साल नवंबर में सुंदरासी गांव निवासी अंकित से की थी। ससुराल वाले दहेज की खातिर बेटी को परेशान करते थे। रविवार रात यमुना की मौत हो गई। बेटी की ससुराल के पड़ोस में रहने वाले लोगों ने उन्हें सूचना दी तो वह सुंदरासी गांव पहुंचे। वहां पहुंचकर देखा तो उनकी बेटी का शव बेड पर पड़ा था। उसका गला सूजा हुआ था। हरप्रसाद ने कहा कि उन्हें लग रहा है कि गला दबाकर बेटी की हत्या की गई है। इंस्पेक्टर प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
