बुखार-डायरिया का बच्चों पर हमला जारी, एक बेड पर दो-दो बच्चे

बरेली। भीषण गर्मी और उमस के साथ लगातार बढ़ रहा तापमान सेहत के लिए खतरा बनता जा रहा है। इस समय बुखार, डायरिया जैसी बीमारियां हमलावर हो गई है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों पर बुखार, डायरिया का हमला लगातार जारी है। सीएचसी पर भर्ती और इलाज की सुविधा होने के बावजूद बच्चों को रेफर करने पर जिला अस्पताल प्रशासन ने आपत्ति जताई है। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप गुप्ता के मुताबिक, पारा सामान्य से दो-तीन डिग्री अधिक है। ऐसी स्थिति में जरा सी अनदेखी से बच्चे डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। वार्ड में भर्ती बच्चों की संख्या 40 के पार पहुंचना गंभीर है। आशंका जताई कि बीते दिनों बारिश के बाद अब सीधी धूप धरती पर पड़ रही है। उष्मीय विकिरण से गर्म हवा के थपेड़े झुलसा रहे हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो रही है। दूषित खानपान बच्चों को बीमार बना रहा है। बेड भले ही भर गए हैं, लेकिन जो बच्चे गंभीर हालत में पहुंच रहे हैं, उन्हें लौटा नही सकते। इलाज करना जरूरी है। जिला अस्पताल में गुरुवार को आधा दिन की ओपीडी का संचालन किया गया। ओपीडी में भीड़ अपेक्षाकृत कम रही लेकिन बीमार बच्चों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। ओपीडी में आए चार बच्चों को हालत गंभीर होने पर वार्ड में भर्ती किया गया है। जिला अस्पताल का बच्चा वार्ड तीन दिन से फुल है। यहां बेंच लगाकर बच्चों का इलाज किया जा रहा है। गुरुवार को कई बेड पर दो-दो बच्चों को भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा था। स्टाफ ने बताया कि गुरुवार को 32 बच्चे भर्ती रहे। अधिकांश बच्चे बुखार और डायरिया से पीड़ित है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *