पदारथपुर में ताजियेदारों मे चले लाठी-डंडे, पुलिस ने खदेड़ा

बरेली। पदारथपुर गांव में मोहर्रम के जुलूस के दौरान रुपये लुटाने को लेकर ताजियेदार आपस में ही भिड़ गए। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे तो पुलिस ने डंडे फटकार कर खुराफातियों को खदेड़ दिया और आयोजन को सकुशल संपन्न कराया। अब पुलिस खुराफात करके माहौल खराब करने वालों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। शुक्रवार शाम बिथरी चैनपुर के गांव पदारथपुर से ताजिया निकाला जा रहा था। बताया जाता है कि इसी दौरान कुछ लोग वहां रुपये लुटाने लगे, जिन्हें लूटने को लेकर धक्कामुक्की और भगदड़ की स्थिति बनने लगी। जुलूस में साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने और रुपये लुटाने को लेकर होड़ करते हुए आपस में विवाद करने लगे। कुछ ही देर में बात बढ़ गई और मारपीट के साथ ही लाठी-डंडे चलने लगे। इससे वहां चार-पांच लोग घायल हो गए और जुलूस में अफरातफरी का माहौल बन गया। हालात बिगड़ते देख जुलूस मे मौजूद पुलिसकर्मियों ने लाठियां फटकाकर मारपीट कर रहे खुराफातियों को वहां से खदेड़ दिया। सूचना मिलने पर एसओ बिथरी राजेश बाबू मिश्रा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत किया। उन्होंने मारपीट में घायल हुए लोगों को भी उपचार के लिए भिजवाया और आयोजन को सकुशल संपन्न कराया। वायरल किया वीडियो, पुलिस ने हटवाया: घटना के बाद कुछ लोगों ने इसका वीडियो सोशल मीडिया एप इंस्टाग्राम और एक्स पर वायरल कर दिया। पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने तत्काल इस वीडियो का संज्ञान लेकर हटा दिया। वीडियो से चिह्नित हो रहे खुराफाती : पुलिस का कहना है कि इस विवाद के पीछे प्रधानी के चुनाव की राजनीति है। विवाद करने वाले दोनों गुट इससे जुड़े हुए हैं। पदारथपुर में माहौल खराब करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। इसके लिए जुलूस के साथ मौजूद पुलिस के सीसीटीवी कैमरे और आम जनता द्वारा बनाए गए वीडियो की जांच की जा रही है। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज करके कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *