बरेली। पंचायत निर्वाचन नामावली मे समान रूप से प्रदर्शित 9,18,288 डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन कार्य को निर्वाचन आयोग ने गुणवत्तापूर्ण नही पाया। अब भी जिले की सूची मे 848441 डुप्लीकेट वोटर हैं। आयोग ने एक बार फिर इनके सत्यापन का निर्देश दिया है। पंचायत चुनाव की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य के दौरान पिछले वर्ष नवंबर में ब्लॉक स्तर पर बीएलओ ने कुल 3,94,886 डुप्लीकेट वोटर ट्रेस किए थे। इनमें से अधिकतर वोटर ऐसे थे। जिनके नाम, पिता का नाम और लिंग दो या दो से अधिक बार दर्ज था। सत्यापन के बाद इनको वोटर लिस्ट से हटाया गया। इसके बाद जिले में ब्लॉक स्तर पर 9,18,288 ऐसे संभावित डुप्लीकेट मतदाता मिले जिनका नाम, पिता, पति, माता का नाम एवं लिंग समान है। सत्यापन के दौरान 69,877 वोटर ही डुप्लीकेट पाए गए। इन नाम को हटाकर 22 अप्रैल को अंतिम सूची जारी करने की तैयारी थी मगर उससे पहले ही राज्य निर्वाचन आयोग ने पत्र जारी कर स्पष्ट कर दिया कि संबंधित अधिकारियों ने गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं किया। इस कारण ग्राम पंचायत वार एक से अधिक बार अंकित मतदाताओं के नाम की संख्या काफी अधिक है। इसलिए दोबारा से सत्यापन के निर्देश दिए गए है। जिले मे इस समय 2,24,213 मतदाता ऐसे हैं जिनका एक से अधिक बार नाम लिखा है जबकि 8,23,441 मतदाता ऐसे पाए गए जिनका नाम, पिता, पति, माता का नाम एवं लिंग समान है। आयोग का निर्देश मिलने के बाद डीएम ने मतदाताओं के सत्यापन के लिए आदेश जारी किया है। 21 अप्रैल से 28 मई तक डुप्लीकेशन और कंप्यूटरीकरण की कार्रवाई होगी। 29 मई से 9 जून तक मतदान केंद्र का क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग आदि का कार्य किया जाएगा। 10 जून को मतदाता सूची का जन सामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन होगा।।
बरेली से कपिल यादव
