शेरगढ़, बरेली। जनपद के थाना शेरगढ़ क्षेत्र मे तेजाब डालकर एक परिवार को झुलसाने के आरोपी उमेश कश्यप को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए है। यह घटना 16 मई 2026 को सामने आई थी। पीड़ित महिला ने शेरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, उमेश कश्यप ने छत के रास्ते घर में घुसकर महिला, उसके पति और दो बेटों पर तेजाब फेंक दिया था। इस संबंध मे शेरगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। रविवार को पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली कि उमेश कश्यप शेरगढ़ बाइपास मार्ग से अपने घर की ओर जा रहा है। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया। इस पर उसने पुलिस टीम पर तमंचे से गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में करीब 35 वर्षीय उमेश कश्यप के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल मोहम्मद नाजिम भी घायल हो गए। घायल उमेश कश्यप को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक तमंचा, तीन कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। घायल आरोपी और हेड कांस्टेबल नाजिम को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
