बरेली। जनपद मे फिल्मी गैंगस्टर माया भाई की तरह दहशत फैलाने के लिए तमंचा रखने के आरोपी को कैंट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम मुकुल यादव है। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। थाना कैंट के प्रभारी संजय धीर ने बताया कि इलाके के कठपुला पुल के पास से ये गिरफ्तारी की गई। आरोपी मुकुल यादव के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दरोगा राजीव पटेल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। मुकुल यादव की उम्र 24 साल है, वह सदर कैंट के यादव मोहल्ला निवासी है। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में मुकुल ने बताया कि वह ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ फिल्म में किरदार ‘माया भाई’ से काफी प्रभावित था। उसने कई बार ये मूवी देखी और माया भाई की तरह इलाके में अपनी धाक जमाना चाहता था। इसलिए अपने पास तमंचा रखता था। मुकुल यादव पर पहले से दस आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन प्राथमिकी दर्ज में मारपीट, धमकी, लूट, एससी एक्ट और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।।
बरेली से कपिल यादव
